न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अतरौली के गांव तोधी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के नकल करने वाली वायरल फोटो पर बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने जांच बैठा दी है। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रधानाचार्य से जवाब तलब किया गया है। जबकि वायरल फोटो को लेकर कहा कि इसमें भ्रामक सूचनाएं भी फैलायी जा रही हैं। एहतियातन बीएसए ने उक्त सूचनाओं के चलते सचल दल का भी गठन कर दिया है। जो परीक्षाओं को शुचितापूर्ण संपन्न कराएंगे।
बता दें कि बुधवार को नकल करती बेसिक की छात्राओं की एक फोटो को वायरल किया गया। यह फोटो तोछी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बताई जा रही है। इस फोटो के साथ यह भी लिखा है कि मंगलवार को आयोजित हिंदी की परीक्षा में उक्त विद्यालय की छात्राएं नकल करते हुए पेपर दे रही हैं। इस पर बीएसए ने बताया कि उक्त जानकारी गलत है। मंगलवार को हिंदी की परीक्षा आयोजित ही नहीं हुई थी। यह परीक्षा तो बुधवार को आयोजित हुई है। जबकि उन्होंने बताया कि सभी ब्लॉकों में परीक्षाएं शुचिता पूर्ण संपन्न कराई जा सकें। इसके लिए सचल दल का भी गठन कर दिया गया है।