न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल सीएमओ आफिस पर चौथे दिन भी जारी रही। चौथे दिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल धरने पर पहुंचे। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं प्रभावित होना शुरू हो गई हैं।
विवेक बंसल ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में संविदा कर्मियों की मांगों को रखने के लिए वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेंगे। आल इंडिया टीबी एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव संजय यादव ने भी टीबी एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सुनैना अरोरा के साथ हड़ताल में संविदा कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए दिल्ली से आये।
संजय यादव ने कहा कि पिछले 23 सालों से संविदा पर लोग कार्य कर रहे हैं। तब से अब तक कितने मरीज टीबी से मरे उसका आंकड़ा तो स्वास्थ्य विभाग के पास होगा। लेकिन कितने संविदा कर्मचारी टीबी का कार्य करते करते मार गये, उनका रिकॉर्ड नही होगा। जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, रणवीर सिंह ने कहा कि मांगों में समान कार्य समान वेतन, मानव संसाधन नीति आउट सोर्सिंग को समाप्त करने की भी मांगें शामिल हैं। संघ के महामंत्री चंद्रवीर एवं महामंत्री धीरेंद्र कुमार ने कहा कि जब तक हमारी मांगों को सरकार द्वारा नहीं माना जाएगा तब तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक सतेंद्र कुमार, डेविड कुमार शाही, शैलेंद्र गौतम, अरविंद कुमार, फैसल इजरा, विशाल, विक्रम सिंह, अजय प्रताप सिंह, डॉ. राकेश गौतम, मनोज चौधरी, सुरेंद्र कुमार, पवन कुमार, धर्मवीर, मृदल कुमार, मुनेश चंद्र यादव, वैभव गौतम, जीशान पवन कुमार, आदि मौजूद थे।