न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उप्र कौशल विकास मिशन के अंतर्गत नौ से 15 जुलाई के मध्य ‘युवा कौशल जागरूकता सप्ताह’ मनाया जा रहा हैै। युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने जनपद स्तरीय युवा कौशल जागरूकता रैली का शुभारंभ रविवार सुबह कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर किया।
जिसमें आईटीआई और कौशल विकास मिशन के लगभग 500 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। इस रैली में अल्प शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को अपने पसंदीदा कौशल को विकसित करने का संदेश दिया गया। रैली कलक्ट्रेट से जेल रोड पुल, नुमाइश रोड होते हुए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगढ़ में संपन्न हुई।
विश्व युवा कौशल दिवस का आयोजन राजकीय आईटीआई में किया गया। यहां पहुंचे मुख्य अतिथि सांसद सतीश गौतम ने ट्रैक्टर मेकैनिक मोहित शर्मा को गत वर्ष राज्य कौशल प्रतियोगिता में प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर दस हजार रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
आईटीआई के 10 टॉपरों को प्रशस्ति पत्र, उप्र कौशल विकास मिशन के 13 लाभार्थियों को ऑफर लेटर और 142 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर आईटीआई के प्राचार्य नवाब सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष ठा. रघुराज सिंह, हाथरस सांसद प्रतिनिधि जगजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष पीयूष दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, नरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। इस मौके पर मिशन के जिला प्रबंधक फैजान खान, मनीषा पांडेय, हुकुम सिंह, शहाबुद्दीन, बिजेंद्र सिंह, यीशेंद्र सिंह, रंजन सिंह, प्रशांत शर्मा, मेघराज सिंह, सरिता शर्मा आदि मौजूद थे।