न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 50 फीसदी से ज्यादा परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। 24 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए 9,675 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा केंद्रों पर 14 मजिस्ट्रेट व पुलिस पुलिस अफसरों की निगरानी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त थे।
परीक्षा प्रभारी व एडीएम सिटी एसबी सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 4,427 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक 4,870 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
पहली पाली में 5,248 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में 4,805 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा के दौरान मोबाइल, पेजर, ब्लू टूथ, गजेट्स, इलेक्ट्रानिक वाच आदि पर प्रतिबंध था। परीक्षा केंद्र से 100 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट, फैक्स की दुकानें व साइबर कैफे बंद रहे।
अभ्यर्थियों के बोल
पेपर अच्छे हुआ है। अब नतीजे का इंतजार है। उसी से अंदाजा होगा कि पेपर कितना अच्छा हुआ है।
-अहमद, रायबरेली
पहली बार सिविल सर्विसेज की परीक्षा दे रही थी। पेपर अच्छा हुआ है। अब मेहनत के फल का इंतजार है।
-समीना, कानपुर
तैयारी के हिसाब से कुछ सवाल तो आए हैं, लेकिन जैसी उम्मीद थी, वैसा नहीं आया। फिर भी निराश नहीं हूं।
-कपिल शर्मा, अलीगढ़
परिणाम अच्छा आएगा या नहीं, यह तो नहीं कह सकती। मगर, जो यहां अनुभव मिला है, वह आगे काम आएगा।
-प्रीति, खुर्जा