न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जेएन मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजी विभाग ही नहीं, बल्कि एएमयू के लिए अच्छी खबर हैं। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने विभाग में एमडी की दो सीटों को मान्यता प्रदान कर दी है। इसके साथ ही विभाग के दो छात्रों ने एसोसिएशन ऑफ क्यूटीनस ऑफ सर्जन इंडिया द्वारा आयोजित क्विज में प्रथम स्थान हासिल किया है।
डर्मेटोलॉजी विभाग में एमडी के द्वितीय वर्ष के छात्र डॉ. मेहताब आलम तथा डॉ. अनुप्रिया ने एसीएसआई क्विज में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
वह अब क्विज के अंतिम चक्र में भाग लेंगे, जो अप्रैल में दमन एंड दीव में आयोजित होगा। यह क्विज एसोसिएशन ऑफ क्यूटीनस ऑफ सर्जन इंडिया द्वारा आयोजित की गई थी।
डॉ. मेहताब आलम तथा डॉ. अनुप्रिया की टीम ने इससे पूर्व पीजीआई चंडीगढ़ तथा अन्य संस्थाओं की टीमों के साथ सीधा मुकाबला करके सफलता पूर्वक आगामी चक्र में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
विभाग के अध्यक्ष प्रो. सैयद सुहैल अमीन तथा अन्य अध्यापकों ने इस सफलता पर उन्हें बधाई प्रस्तुत की है। प्रो. सैयद सुहैल अमीन ने बताया कि यह बड़े हर्ष का विषय है कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने विभाग में एमडी की दो सीटों को मान्यता प्रदान कर दी है।