न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रामघाट रोड स्थित पराग डेयरी के सामने लेबर अड्डे पर लगे श्रम विभाग के शिविर में 114 श्रमिकों ने पंजीकरण के लिए आवेदन किए हैं। शुभारंभ कोल विधायक अनिल पाराशर ने किया।
शिविर में उन श्रमिकों का पंजीकरण किया गया, जिनकी आयु 18 से 60 वर्ष के बीच हो और उसने 12 महीनों में 90 दिन भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक यथा बैल्डिंग का कार्य, बढ़ई का कार्य, कुंआ खोदना, रोलर चलाना, छप्पर डालने का कार्य, राज मिस्त्री का कार्य, प्लंबरिंग, लोहार, मोजैक पॉलिश, सड़क बनाना, मिक्सर चलाने का कार्य, पुताई, इलैक्ट्रिक वर्क, हथौड़ा चलाने का कार्य, टाईल्स लगाने का कार्य, स्प्रे वर्क या मिक्सिंग वर्क (सड़क निर्माण से संबद्ध), मार्बल स्टोन वर्क, चौकीदारी (निर्माण स्थल पर सुरक्षा प्रदान करने के लिए), मिट्टी का कार्य, सीमेंट, कंक्रीट ईंट आदि ढोने का कार्य, ईंट भट्ठों पर ईंट निर्माण का कार्य, बांध, पुल, सड़क का निर्माण या भवन निर्माण आदि में कार्य किया हो।
कोल विधायक अनिल पाराशर ने उप्र भवन व अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा निर्माण श्रमिकों को उनके कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने लेबर अड्डा, निर्माण स्थलों पर लगाने को कहा, जिस पर उप श्रम आयुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि आगे भी इसी तरह कैंप का आयोजन किया जाता रहेगा। उप श्रम आयुक्त जबीं आयशा ने भवन व अन्य श्रमिकों से सीधे कार्यालय में आकर पंजीकरण कराने व संचालित योजनाओं का लाभ लिए जाने की अपील की है।
संचालन रवेंद्र चौधरी ने किया। इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विजय सिंह, एसबी सरोज, प्रवीण चंद्र दत्त, मनोज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, राजीव सक्सेना, शैलेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार सक्सेना, कपूर चंद्र, अजय कुमार सक्सेना, उपेंद्र मिश्रा, शाजिया सिद्दीकी आदि उपस्थित रहीं।