कूड़ा डालने गई किशोरी से दुष्कर्म
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जवां इलाके में 16 साल की लड़की के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। जब रिपोर्ट थाने में दर्ज न हुई तो एसएसपी से शिकायत की गई है।
क्वार्सी निवासी व्यक्ति का कहना है कि उसके पिता का देहांत होने पर गांव में तेरहवीं संस्कार के समय पर वह परिवार के साथ गांव गए थे। यहां पत्नी व 16 साल की बेटी को वह गांव में ही छोड़ आए। आरोप है कि 27 फरवरी की सुबह उसकी बेटी घर का कूड़ा घूरे पर फेंकने गई थी, तभी गांव का ही युवक उसे जबरन आम के बाग की ओर खींच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रोती-पीटती घर लौटी बेटी ने सारी दास्तान बताई तो थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसकी शिकायत एसएसपी दफ्तर में की गई है।
शादी के सातवें दिन प्रेमी के संग भागी दुल्हन
शादी के सातवें दिन दुल्हन प्रेमी के साथ चली गई, जिसकी खबर पर दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस को देते हुए परिजनों ने बरामदगी के लिए मदद मांगी है।
मामला कुछ यूं है कि गांधीपार्क इलाके की एक लड़की की शादी 18 फरवरी को हुई थी। अभी शादी को एक सप्ताह पूरा हुआ भी नहीं था कि 23 फरवरी को वह दुल्हन अपने प्रेमी के साथ चली गई। दुल्हन को अचानक गायब देख उसके पति और अन्य परिजनों ने अपने ससुरालवालों से संपर्क साधा। दोनों परिवार लड़की की तलाश में जुट गए। तभी पता चला कि वह अपने किसी पुराने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई है। इस प्रकरण में पुलिस को सूचना दी गई, वहीं दोनों परिवार एसएसपी दफ्तर पहुंचे।