10 जुलाई को एएमयू में आए थे सीबीआई के अधिकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू में अधिकारी की नियुक्ति एवं अन्य अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में देहरादून से सीबीआई के अधिकारी 10 जुलाई 2017 को यहां आए थे। करीब पांच दिन यहां रुककर वित्त विभाग से लेकर अन्य कई विभाग के अधिकारियों के बयान रिकार्ड किए थे।
पूछताछ के बाद 14 जुलाई को सीबीआई के अधिकारी दस्तावेजों के साथ देहरादून वापस गए थे। उस समय ज्वाइंट फाइनेंस आफिसर साकेब अरसलान व अन्य लोगों की नियुक्ति एवं जांच से संबंधित खबरें अमर उजाला में प्रकाशित की गई थी। सीबीआई के अधिकारी वित्त विभाग के अतिरिक्त अन्य कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों से भी मिले थे।
उल्लेखनीय है कि साकेब अरसलान एवं अन्य लोगों की नियुक्ति पूर्व कुलपति नसीम अहमद के समय हुई थी और उसी समय उसकी उच्च स्तर पर शिकायत हुई थी। कई अधिकारियों को देहरादून बुलाकर सीबीआई द्वारा पूछताछ की गई थी।
पूर्व कुलपति नसीम अहमद, संयुक्त फाइनेंस आफिसर साकेब अरसलान एवं अन्य लोगों के खिलाफ सीबीआई द्वारा एफआईआर दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं है। आज दिन भर एकेडमिक काउंसिल की बैठक में व्यस्त रहा। किसी तरह की सूचना मिलती है तो आगे बताऊंगा। - नाजिम जाफरी, कार्यवाहक रजिस्ट्रार