अनिश्चतकालीन हड़ताल पर गईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
भाजपा सरकार की वादाखिलाफी एवं उच्चतम न्यायालय द्वारा घोषित 300 दिन हॉट कुक्ड मील चलाने के आदेश का क्रियान्वयन न होने समेत अन्य मांगों को लेकर आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी एवं सहायिका सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली गईं। कार्यकर्ताओं ने महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला कोषाध्यक्ष पुष्पा शर्मा ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में सरकार बनने के 120 दिन के अंदर आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी एवं सहायिकाओं को सम्मानजनक मानदेय का वादा किया था। यही नहीं शबरी संकल्प योजना के क्रियान्वयन का वादा भी किया था। ये वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं।
जिला महामंत्री कुसुम शर्मा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा घोषित 300 दिन हाट कुक्ड मील चलाने के आदेशों का क्रियान्वयन न होने से अभिभावक बच्चों को केंद्र पर नहीं भेज रहे हैं। जिला महासचिव चंद्रकांता ने कहा कि आंगनबाड़ियों को 15 हजार तो सहायिकाओं को दस हजार मानदेय दिया जाए। 15 दिन का मानदेय सहित चिकित्सावकाश और इलाज के लिए धनराशि दी जाए।
ग्रोथ चार्ट, वजन मशीन व रजिस्टर की व्यवस्था परियोजना से की जाए। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन दी जाए। कार्यकर्ताओं को प्राथमिक शिक्षक, पंचायत मित्र एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर 25 प्रतिशत कोटा दिया जाए। इस मौके पर संगठन मंत्री सूरजमुखी, सचिव सुधा सिंह, महानगर अध्यक्ष निशा राजपूत, स्नेहलता आदि उपस्थित थे।