राज्यकर्मियों को बोनस मिलने से बाजार में उत्साह
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के कारण मुर्झाए बाजार में बोनस की खबर से उत्साह का संचार हुआ है। उम्मीद है कि अब कर्मचारी दिल खोलकर दीपावली की खरीदारी करेंगे। इसका सीधा लाभ दुकानदारों को मिलेगा।
धनतेरस एवं दीपावली में अब चंद दिन शेष रह गए हैं। मामू-भांजा सहित महानगर के बाजारों को रंगीन झालर और लाइटों से सजाया गया है। बाजार में चीनी झालरों की भरमार है। दुकानदारों ने दीपक एवं मूर्ति के पुराने स्टाक भी निकाल लिए हैं।
उल्लेखनीय है कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के कारण बाजार की रौनक बीते वर्षों की तरह नहीं है। प्रदेश सरकार द्वारा राज्यकर्मियों को 6908 रुपये बोनस देने की घोषणा के बाद बाजार में कुछ उत्साह का संचार हुआ है।
राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा से बाजार की रौनक बढ़ने की उम्मीद है। दूरदराज के दुकानदार सजावट का सामान लेने आ रहे हैं। स्थानीय ग्राहक भी निकलने लगे हैं। - कंवलजीत सिंह, व्यवसायी
12 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की झालरें बाजार में मौजूद हैं। 25 से लेकर 50 रुपये तक की झालरों की सर्वाधिक मांग है। इसमें करीब 30 से 50 तक छोटे बल्ब हैं। सामानों के मूल्य पिछले साल की तरह ही हैं। - प्रमोद अग्रवाल, व्यवसायी
कई तरह की झालर, दीपक, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति आदि बाजार में मौजूद हैं। दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार में आने शुरू हो गए हैं। आने वाले दिनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। - राजेश कुमार, व्यवसायी