एक ही बारिश ने खोल दी रामघाट रोड के पैचवर्क की पोल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
यदि आप रामघाट रोड से गुजर रहे हैं तो जरा अतिरिक्त सावधान होकर गुजरे, क्योंकि बारिश से रामघाट रोड में इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि जरा सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
शुक्रवार एवं शनिवार को हुई बारिश ने रामघाट रोड में हाल ही में हुए पैचवर्क की पोल खोलकर रख दी है। शुक्रवार को मूसलाधार बारिश एवं शनिवार को हुई रुक-रुककर बारिश के कारण क्वार्सी से लेकर तालानगरी मार्ग की हालत दयनीय बन गई
है। हालांकि इस मार्ग की हालत पिछले कई वर्षों से खस्ता हाल है, लेकिन अमर उजाला द्वारा लगातार मुद्दे को उठाए जाने के बाद प्रशासन ने इस मार्ग का पैचवर्क करा दिया। पैचवर्क में ठेकेदार ने इतनी घटिया सामग्री का प्रयोग किया कि वह एक बारिश को भी नहीं झेल सकी।
इसी का नजीता है कि एक ही बारिश में जहां पैचवर्क बह गया, वहीं अन्य स्थानों पर भी गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग पर चलने वाले लोग जान हथेली पर लेकर चल रहे हैं। पता नहीं कौन सा वाहन गड्ढा बचाने के चक्कर में दूसरे वाहन चालक को टक्कर मार दे।
इस मार्ग पर रोजाना सफर करने वाहनों की हालत भी खराब हो गई है। दोपहिया हो या चौपहिया इस मार्ग पर चलने वाले सभी प्रकार के वाहन 15 से 20 दिन में ही मिस्त्री की दुकान पर खड़े दिखाई देते हैं। कभी गाड़ी में कुछ कमी हो जाती है तो कभी इससे लोग परेशान हैं।