राष्ट्रीय महामंत्री के सामने ही भिड़े भाजपा पदाधिकारी
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने रविवार को मसूदाबाद बस स्टैंड पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के सामने ही भाजपा के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष में तू तू मैं मैं हो गई। यह देखकर एक बार तो अरुण सिंह भी हतप्रभ रह गए। बाद में मौके पर मौजूद अन्य नेता और अरुण सिंह के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मसूदाबाद बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम भाजपा की महानगर इकाई के द्वारा आयोजित किया गया था। तय समय पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत व अन्य नेता पहुंच गए। इसी बीच वहां पर भाजपा के जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह भी पहुंच गए।
जिलाध्यक्ष की मौजूदगी पर महानगर अध्यक्ष ने एतराज जताया। तर्क दिया कि यह महानगर इकाई का कार्यक्रम है इसलिए आपकी मौजूदगी क्यों है। जिलाध्यक्ष की ओर से तर्क दिया गया कि ऐसा कोई नियम नहीं है।
साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी आए हुए हैं, इसलिए प्रोटोकाल के हिसाब से उनकी मौजूदगी जरूरी है। इसी बात को लेकर आरोप प्रत्यारोपों का दौर शुरू हो गया। देखते ही देखते सार्वजनिक रूप से टकराव की स्थिति आ गई।
जो लोग भाजपा नेताओं को आपस में ही उलझते देख रहे थे वह हतप्रभ थे कि अचानक यह क्या हो गया? मौके पर मौजूद कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री को बताना शुरू किया कि महानगर की टीम ने आपके आने की उन्हें सूचना नहीं दी।
अन्य कार्यक्रमों में भी ऐसा ही किया जाता है। इस पर महानगर के पदाधिकारियों ने ऐसे लोगों को जिला कमेटी सदस्य घोषित कर निराधार विरोध करने का आरोप लगा दिया। बाद में स्थिति को बिगड़ता देख वहं मौजूद कुछ नेता और स्वयं राष्ट्रीय महामंत्री ने हस्तक्षेप कर मामला शांत किया।
बयान--
पहले स्वच्छता अभियान गांधीपार्क बस स्टैंड पर होना था, लेकिन वहां सफाई देख कर राष्ट्रीय महामंत्री ने दूसरी जगह चलने को कहा तो हम सभी मसूदाबाद चले गए। वहां पर जाने की सूचना महानगर अध्यक्ष को देरी से मिली। जिससे इंतजाम कराने में उनको दिक्कत हुई। इसके अलावा कोई बात नहीं है।
देवराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष