रोडवेज ने कार में मारी टक्कर, आठ घायल
ब्यूरो, अमर उजाला, गभाना (अलीगढ़)।
हाईवे पर कटरा मोड़ स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही रोडवेज बस ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं व बच्चों समेत आठ लोग घायल हो गए। उधर दूसरे हादसे में बाइक सवार सगे भाइयों को कार को टक्कर मार कर घायल कर दिया।
एटा कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अहीर निवासी सगे भाई रवेंद्र व योगेश दिल्ली के नांगलोई इलाके में नौकरी करते हैं। रक्षाबंधन पर्व पर वह गांव आए थे, और बुधवार सुबह कार से दिल्ली लौट रहे थे। रास्ते में कटरा मोड़ पर सामने से आ रही बुलंदशहर डिपो की रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी।
हादसे में रवेंद्र कुमार, योगेश कुमार के अलावा उनकी पत्नी राखी, बहन द्रोपा पत्नी अशोक, बच्चे करिश्मा, अरुण, सुरुचि, जान्हवी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बस को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक भागने में सफल रहा।
दूसरा हादसा पला सल्लू गांव पर हुआ। अलीगढ़ के गांधी पार्क इलाके के नौरंगाबाद निवासी सगे भाई मुकेश व उमेश बाइक से गभाना के रामपुर गांव में अपने एक रिश्तेदार की त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें कार ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।