कोल विधानसभा की सियासत में बुधवार को एक और नया सियासी घटनाक्रम हुआ। कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह ने कमिश्नरी के सामने यश रेजीडेंसी में एक प्रतिनिधि सभा बुलाई। दावा है कि इस सभा में हर बूथ और हर गांव से दो-दो प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन में दो प्रस्ताव पारित हुए।
पहला हाजी जमीरउल्लाह को और विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहिए। दूसरा प्रस्ताव ये कि 21 जनवरी सुबह 10 बजे नामांकन भरने के लिए क्वार्सी चौराहे के पास कमिश्नरी के सामने से सभी लोग एकत्र होंगे और जुलूस के साथ नामांकन करने के लिए कलेक्ट्रेट जाएंगे। जमीरउल्लाह ने दोनों प्रस्तावों पर अपनी सहमति दे दी है।
इस मौके पर कोल विधायक ने कहा कि 25 साल पहले उन्होंने सियासत में कदम रखा। मुलायम सिंह यादव से जुड़ा तो साथ नहीं छोड़ा। राजनीति में बड़े उतार चढ़ाव देखे। इस सभा को बुलाने का मकसद आपकी रायशुमारी लेना। बोले.. चुनावी मुकाबले में जाने से पहले आशीर्वाद मांगता हूं। आप सब लोग इस राजनीतिक संकट के समय मुझे हिम्मत दीजिए कि मैं सही फैसला कर पाऊं क्योंकि ये मेरा इम्तिहान है।
आप जो भी फैसला लेंगे मुझे मंजूर है। चंद लोग हैं जो चाहते हैं कि जमीरउल्लाह को राजनीति में कमजोर कर दें, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम कि जिसके साथ जनता है उसे कोई कमजोर नहीं कर सकता।
अगर ऐसे लोग आपके सामने आएं तो उनसे ये जरूर पूछ लेना कि ईमानदारी आदर्श और सिद्धांत की राजनीति करना गुनाह है तो वह ये गुनाह करते रहेंगे।
जनता देख रही है और सब कुछ समझ भी रही है। वह ऐसा फैसला लेगी जिसे आने वाली नस्लें याद रखेंगीं। सभा का संचालन बाबा फरीद आजाद ने किया।
प्रतिनिधि सभा में अल्पसंख्यक के प्रदेश सचिव खालिद पप्पू, कादिर खां, राज कुमार, ज़ुबैर अहमद, सलीम सोलंकी, शादाब जैदी, हफ ीज अब्बासी, सद्दाम, बिल्लु चौहान, मुश्ताक अहमद, शब्बू भाई, मो. आरिफ , फ रहान सलमानी, जीशान, नईमुद्दीन, बब्बू शेरवानी, मुन्ना मलिक, सद्दाम समीर, अकरम रजा, सलमान सलमानी, गुड्डू अब्बासी, सौरव शर्मा, यासीन शम्स, चांद कुरैशी, अख्तर अली, ऱिजवान अहमद, अलीम कुरैशी, ताहिर, तौसिफ , भूरा, बबलू, गुलचमन, आस मोहम्मद, युनूस, फि रोज, नवाब, जहीर, नसीम मलिक आदि लोग मौजूद रहे।