न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
चुनाव प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी के पद पर नियुक्त एक प्रधानाध्यापक ने प्रशिक्षण के दौरान शराब पीकर हंगामा काटा, इतना ही नहीं वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्रता भी की। नतीजतन बीएसए ने मामले की जांच कर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है।
बता दें कि चंडौस विकास खंड के नगला बादाम सिंह स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार को लोकसभा चुनाव में पीठासीन अधिकारी के पद पर नियुक्ति किया गया था। 25 मार्च को शहर के कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण था। इस दौरान संजीव कुमार शराब का अत्यधिक सेवन कर प्रशिक्षण में पहुंच गए।
यहां तक तो ठीक था, लेकिन यहां वह हंगामा करने लगे। अपने साथियों के साथ लड़ने झगड़ने लगे। अधिकारियों ने जब बीच बचाव किया तो उनसे भी अभद्रता कर दी। प्रशिक्षण दे रहे उच्चाधिकारियों ने तत्काल यह जानकारी बीएसए को दी। बीएसए ने मामले की जांच पड़ताल करवाई। अब बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने मंगलवार को अध्यापक आचरण नियमावली का उल्लंघन करने, प्रशिक्षण में शराब पीकर पहुंचने और उच्चाधिकारियों से अभद्रता करने के आरोप में निलंबित कर दिया है।