न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड परीक्षा में ड्यूटी देने वाले चार सेक्टर मजिस्ट्रेट और 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बदल दिए गए हैं, जबकि दो स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने आपस में स्थान परिवर्तन कर लिया है। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह के आदेश के बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में लगाए गए आबकारी विभाग के अधिकारियों को ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। इनके स्थान पर अन्य अधिकारियों को लगाया जा रहा है।
कल (गुरुवार) से यूपी बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने से 40 घंटे पूर्व मंगलवार शाम को चार सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बदल दिए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेटों में प्रदीप रत्नम की जगह जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार, जयगोपाल सिंह की जगह जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह, विनोद कुमार गुप्ता की जगह सहायक अभियंता तृतीय मध्य खंड नहर फूल चंद व मो. अकरम की जगह आरईएस अशोक कुमार शर्मा को तैनाती दी गई है। जबकि 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को बदला गया है।
बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों को ड्यूटी कार्य से मुक्त किया गया है। इसी के सात दो स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को आपसी रजामंदी से इधर से उधर किया गया है।