न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मिड-डे-मील के मेन्यू दरकिनार कर एक एनजीओ संस्था द्वारा बच्चों को खिचड़ी बांटी जा रही है। जबकि विभाग इससे अंजान बना हुआ है।
गुरुवार को शहर के बारहसैनी इंटर कालेज में बच्चों को खिचड़ी परोसी गई। जबकि गुरुवार के मेन्यू के हिसाब से बच्चों को सब्जी रोटी बांटी जानी थी। जबकि विद्यालय की ग्रामीण विकास सेवा संस्थान नाम के एनजीओ ने ऐसा नहीं किया।
इस संबंध में जब एमडीएम की देखभाल करने वाले शिक्षक से बात की गई तो उनका जवाब था कि जो संस्था भिजवाएगी वहीं तो हम बच्चों को खिलाएंगे। वहीं सूत्रों की माने तो सभी स्कूलों में ऐसा ही खेल चल रहा है।
इस संबंध में प्रधानाचार्य एके गुप्ता ने बताया कि संबंधित संस्था को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। यदि अनियमितता बरकरार रहीं तो बीएसए से कार्रवाई कराई जाएगी।
वहीं इस संबंध में बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। एमडीएम में किसी भी प्रकार की अनियमितता बरतने नहीं दी जाएगी।