न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
इन्वेस्टर सम्मिट के लिए जनपद के विभिन्न विभागों से 15 बेहतर अधिकारियों का चयन कर सूची शासन के पास भेज दी गई है। संक्षिप्त प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
लखनऊ में 21-22 फरवरी को इन्वेस्टर सम्मिट प्रस्तावित है। सरकार करीब पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाओं पर कार्य कर रही है।
इसका खुलासा गत दिनों अलीगढ़ पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने भी किया था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए मुकेश अंबानी, रतन टाटा, अडानी आदि इच्छुक हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन्वेस्टर सम्मिट में शामिल होंगे। शासन स्तर से इसको लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। हर जिले से चयनित अधिकारियों को ड्यूटी वहां लगाई जाएगी।
ज्वाइंट कमिश्नर उद्योग सुधांशु तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा जनपद के 15 बेहतर अधिकारियों की सूची बनाकर शासन के पास भेज दी गई है। अभी अधिकारियों के नामों का खुलासा नहीं हुआ है।