न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गीत, संगीत, गजन, भजन एवं नृत्य के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने के लिए आयोजित वाइस ऑफ अलीगढ़ कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। परंतु वाइस ऑफ अलीगढ़ बनी जूनियर ग्रुप में साक्षी चौहान, युवा वर्ग में मोहिनी शर्मा एवं सीनियर वर्ग में सीमा गर्ग।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं कार्यक्रम संयोजक अनिल वर्मा ने जहां डाल डाल पर सोने की चिड़िया करती हैं बसेरा गीत प्रस्तुत कर किया।
सांगवान वर्ल्ड स्कूल के बच्चों ने सरस्वती वंदना की मनोहारी नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद सभी जूनियर, युवा एवं सीनियर वर्ग के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक फिल्मी गीत, भजन, गजल एवं नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। जूनियर वर्ग में फातिमा दूसरे तथा हर्ष तीसरे स्थान पर रहे।
युवा वर्ग में प्रीति दूसरे तो अर्जुन तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में दूसरा स्थान शाद अली और तीसरा स्थान हरेंद्र सिंह को मिला। इस मौके पर नन्हीं बच्ची अरनी शर्मा का भक्ति गीत पर नृत्य सभी के आकर्षण का केंद्र रहा। सतीश मूर्ति डांस ग्रुप के कलाकारों ने मेरे देश की धरती गाना प्रस्तुत कर सभी को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
इस मौके पर संगीत के क्षेत्र की विभूतियों कत्थक नर्तकी डॉ.अंशु सक्सेना, भोपाल से आई डॉ. विजयलक्ष्मी, आगरा से आए गायक अजीत यादव, ममता, हैप्पी राजा, प्रियांशी आदि का सम्मान किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि डॉ. नरेंद्र सांगवान, आलोक कुलश्रेष्ठ व वीरेंद्र सक्सेना ने कार्यक्रम की मुक्त कंठ से सराहना की। निर्णायक मंडल में वेद राज बहादुर सक्सेना, भूपेंद्र सिंह, विजय लक्ष्मी, अतुल गुप्ता आदि शामिल थे।