एसबीआई ने नहीं लिए 10 रुपये के सिक्के, बिजली कर्मी पीटा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
भारतीय स्टेट बैंक की बारहद्वारी शाखा ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन का बिजली के बिलों के रुपये लेने से इनकार कर दिया, क्योंकि रुपयों में 10 रुपये के सिक्के भी शामिल थे। जब बिजली विभाग के कर्मचारी ने 10 रुपये का सिक्का जमा नहीं होगा, इस संबंध में आरबीआई के दिशा निर्देश की कोई कापी मांगी तो बैंक के कर्मचारियों ने बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। इस बात पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता जेपी वर्मा ने नाराजगी जताते हुए वित्त मंत्रालय और प्रदेश सरकार को शिकायत करने की बात कही है।
बारहद्वारी पर विद्युत नगरीय वितरण खंड प्रथम का भी कार्यालय है। यहां पर विभाग का बिलिंग काउंटर भी है। विभाग के पास बिल के रूप में नोटों के साथ साथ 10 रुपये के सिक्के भी बड़ी संख्या में आते हैं। गत दिवस बिजली विभाग का कर्मचारी बारहद्वारी स्थित एसबीआई की शाखा में पैसा जमा करने गया तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने 10 रुपये के सिक्के लेने से इनकार कर दिया। कारण पूछने पर एसबीआई के कर्मचारी कोई जवाब भी नहीं दे सके। इस बीच बिजली विभाग के कर्मचारी ने पैसा जमा न करने के संबंध में आरबीआई का कोई दिशा निर्देश मांगा तो बैंक कर्मचारी उखड़ गए और बिजली कर्मी को लाइन में से पीछे धकेलने लगे। दोनों पक्षों में मामला तूल पकड़ गया तो इकट्ठे हुए बैंक कर्मचारियों ने बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। पूरी घटना की जानकारी एसई प्रथम जेपी वर्मा को दी। उन्होंने बैंक कर्मचारियों के व्यवहार और कार्यशैली को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की जानकारी ऊपरी स्तर पर देने की बात कही है।
एसबीआई बारहद्वारी शाखा की शिकायत की
अलीगढ़। एसबीआई की बारहद्वारी शाखा पेंशनरों और बुजुर्ग खाताधारकों का उत्पीड़न करती है। इस संबंध में ठा. पीके सिंह ने एसबीआई की चेयरपर्सन अरुंधति भट्टाचार्य को पत्र लिखकर पूरी स्थिति से अवगत कराया है। यहां पर बुजुर्ग पेंशनर और खाताधारक बेहद खड़ी सीढ़ियों पर घिसट कर चलते हैं। उनके लिए व्हील चेयर, कुर्सी और पानी तक की व्यवस्था नहीं है। पत्र में कहा है कि कुछ दिन पहले जब वह बैंक शाखा पहुंचे तो सीढ़ियों पर चढ़ने में ही उनकी सेहत खराब हो गई। वहां पर बैठने तक की व्यवस्था नहीं थी और स्टाफ बेहद बदतमीजी से पेश आ रहा था। जहां पर पार्किंग है, वहां पर बैंक ने जेनरेटर लगा दिया है। जिससे लोगों को और असुविधा होती है।