लापता लेखपाल का शव नाले में पड़ा मिला
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना बन्ना देवी के बरौला पुल के पास दो दिन से लापता लेखपाल का शव मिला। पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने एक प्रधान समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
कासिमपुर पावर हाउस निवासी राकेश कुमार (45) पुत्र गजराज बुधवार सुबह घर से तहसील कोल अपने तैनाती स्थल आए थे। यहां से वह अपने हल्का खैर के अंडला, करसुआ चले गए। वहां वह किसी जमीन की पैमाइश करने गए थे। इसके बाद राकेश कुमार लापता हो गए। परिजनों ने थाना बन्ना देवी में गुरुवार को तहरीर दी थी।
शुक्रवार सुबह बरौला बाईपास पर जमालपुर की तरह बाईं ओर नाले में लेखपाल राकेश कुमार का शव बाइक सहित पड़ा मिला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आकर शव को नाले से निकलवाया। राकेश का बैग आदि सामान भी वहीं पड़ा मिला। पुलिस ने उनकी शिनाख्त करने के बाद परिजनों को सूचना दे दी।
इसके बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, लेकिन मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए बिसरा प्रीजर्व कर लिया गया। पुलिस ने लोधा क्षेत्र के एक प्रधान समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे देर रात तक पूछताछ की जा रही थी।