रास्ते के विवाद में चले ईंट-पत्थर, हवाई फायरिंग
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी में शनिवार देर रात स्कूटी रास्ते से हटाने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान मारपीट के बीच जमकर पथराव हुआ और बाद में एक-दो हवाई फायर भी हुए। खबर पर पहुंची पुलिस को देख दोनों पक्षों के हमलावर तितर-बितर हो गए। बाद में पुलिस जांच पड़ताल कर तहरीर थाने पहुंचाने की बात कहकर चली आई। मगर रविवार दोपहर तक इस मामले में किसी की ओर से तहरीर नहीं पहुंची है।
वाकये के अनुसार बसंत विहार का सूर्या राघव बीमा व फाइनेंस से जुड़ी कंपनी में जॉब करता है। शनिवार देर रात सूर्या अपने घर अपनी वैगनआर कार से जा रहा था। घर की गली में मुड़ते ही उसने देखा कि एक स्कूटी रास्ते में खड़ी है।
इस पर सूर्या ने कार से उतरकर स्कूटी को बीच रास्ते से हटाकर साइड में कर दिया और अपनी गाड़ी निकाल ले गया। आरोप है कि स्कूटी सही ढंग से नहीं खड़ी थी। वह किसी तरह गिर गई और जब तक सूर्या अपने घर पहुंच गया था।
इसके बाद जब स्कूटी स्वामी ने अपनी स्कूटी गिरी देखी तो वह शिकायत करने कई लोगों के साथ एकत्रित होकर सूर्या के घर पहुंच गए। जहां विवाद के दौरान मारपीट हो गई और पथराव तक हो गया।
आरोप है कि इसी दौरान किसी ने एक-दो हवाई फायर कर दिए। बस इससे वहां अफरा-तफरी मच गई और खबर पर पुलिस तक पहुंच गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार इस मामले में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।