अवकाश घोषित न करने पर वीसी का फूंका पुतला
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़ ।
रक्षाबंधन पर्व पर एएमयू प्रशासन की ओर से अवकाश घोषित न किए जाने पर हिंदू युवा वाहिनी ने बाबे सैयद पर कुलपति का पुतला फूंका। वाहिनी के पदाधिकारियों ने एएमयू प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष आदित्य पंडित ने कहा कि एक ओर एएमयू बिरादरी भाईचारे की बात करती है, तो दूसरी ओर एएमयू में पढ़ रहे हजारों हिंदू भाई बहनों के लिए रक्षाबंधन पर अवकाश न करके जबरन इस्लामी संस्कृति को छात्रों पर थोपा जा रहा है।
चेतावनी दी कि एएमयू इंतजामिया अपनी इस मुगलई विचारधारा का त्याग कर दें अन्यथा अलीगढ़ का हिंदू छात्रवर्ग इस शोषण के खिलाफ बिगुल फूंक देगा। महानगर अध्यक्ष भारत गोस्वामी ने कहा कि एएमयू की मानसिकता हमेशा हिंदू छात्रों के प्रति कुंठित रही है, इसे तत्काल बदलने की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से एएमयू में भी दिल्ली यूनिवर्सिटी व जेएनयू की तरह आरक्षण नीति लागू करने की मांग की, जिससे की हिंदू छात्र एकजुट होकर धर्म के प्रति फैले इस उन्माद का अंत कर सकें। इस अवसर पर नितिन सुपारी, उदित, दीपक शर्मा, सार्थक पंडित, हर्षद वार्ष्णेय, विशाल देशभक्त, सोनू यादव, प्रशांत पंडित, राहुल शर्मा अजय कुमार, रजत, सुशील, ब्रजेश, कुलदीप आदि मौजूद रहे।