डायलिसिस यूनिट एवं नए ओपीडी ब्लाक का उद्घाटन
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने जेएन मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस यूनिट, न्यू ओपीडी ब्लाक, ओबीजी ब्लाक, एनआईसीयू व एआरटी यूनिट का उद्घाटन एवं जेएनएमसी की पत्रिका ग्रे मैटर का विमोचन किया।
जेएन मेडिकल कॉलेज के कमेटी रूम में आयोजित ग्रे मैटर पत्रिका के विमोचन समारोह में कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि जेएन मेडिकल कॉलेज के विकास का अगला चरण सुपर स्पेशिलिटी होगा और शीघ्र ही यहां डीएम एवं एमसीएच पाठ्यक्रमों की शुरूआत भी होगी। मेडिकल कॉलेज उन लोगों को न्यूनतम खर्चे पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, जो प्राइवेट नर्सिंग होम एवं महंगे अस्पतालों में उपचार कराने में सक्षम नहीं है।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने जेएन मेडिकल कॉलेज में बुलाने के लिए एएमयू प्रशासन को धन्यवाद दिया और कहा कि कई जिलों का अनुभव उनके पास है। शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस वालों को लोग कम ही बुलाते है। स्वागत डीन प्रो. अमानउल्लाह खान, संचालन डॉ. फात्मा खान एवं धन्यवाद ज्ञापित प्रो. हारिस एम खान ने किया।
प्रो. जावेद अख्तर, प्रो. मोहसिन खान, प्रो. मुजाहिद बेग, प्रो. आरके तिवारी, प्रो. एमयू रब्बानी, प्रो. फखरूल हुदा, प्रो. एस अमजद अली रिजवी, प्रो. अदीब आलम, प्रो. इब्ने अहमद, प्रो. एस जियाउर रहमान, डॉ. अब्दुल वारिस, डॉ. मलिक हुजैफ शबीरी, इसरा खान, मुगदा श्रीवास्तव, अफशा अरशद, मीनर बंदे, हसीब महमूद आदि मौजूद रहे।