व्यवसायी ने एटीएम लिया नहीं, खाते से रुपये गायब
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के चूहरपुर इलाके के व्यवसायी ने बैंक से एटीएम कार्ड निकलवाया नहीं और उसके खाते से एटीएम के माध्यम से 60 हजार रुपये गायब हो गए। इसका पता उन्हें मोबाइल से आए मैसेज से चला। बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीड़ित व्यवसायी ने इस मामले में बन्नादेवी पुलिस से शिकायत की है।
चूहरपुर बन्नादेवी निवासी राम प्रकाश सूर्यवंशी की पावर प्रेस है। उनका बैंक खाता इंडस्ट्रियल एस्टेट एसबीआई में है। बुधवार को दोपहर 12 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया। उसमें चार बार में दस दस हजार तो एक बार 20 हजार रुपये एटीएम से निकालने की सूचना मिली। इसे देखकर वह भौचक्के रह गए।
उन्होंने तत्काल एसबीआई शाखा जाकर पड़ताल की और पास के एटीएम के सीसी फुटेज देखे। फुटेज में बाइक पर आए दो युवक रुपये निकालते दिखाई दिए। पीड़ित व्यवसायी का कहना था कि मैने कभी एटीएम कार्ड जारी नहीं कराया, जबकि बैंक के रिकार्ड में उनके नाम से वर्ष 2014 से कार्ड जारी दिखाया जा रहा है। असलियत तो पुलिस जांच में ही पता लग सकेगी। इस मामले में एसबीआई मुख्य शाखा प्रबंधक आरसी भारती ने कहा कि यदि कार्ड जारी ही नहीं हुआ है तो एटीएम से पैसे कैसे निकल सकते हैं। हकीकत तो बैंक रिकार्ड देखकर ही पता चल सकेगी।
-------------