युवाओं की पसंद बन रहे लिनेन के कुर्ते
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
रमजान का पाक महीना आधा बीत चुका है। ऐसे में बाजारों में खरीददारी करने के लिए भीड़ उमड़ने लगी है। खासतौर पर कपड़ों की दुकानों पर युवा उमड़ रहे हैं।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सलवार-सूट से लेकर कुुर्ते-पायजामों की नई-नई वैरायटी से दुकानें सज गई हैं। बाजार में इस दफा लिनेन के कुर्ते की मांग ज्यादा है। शारिक कुर्ताघर के शारिक कुरैशी ने बताया कि लिनेन के कुर्ते युवाओं के बीच ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं।
वैसे लखनवी कुर्ते का क्रेज भी कम नहीं है। खादी का कुर्ता, लॉन कुर्ता, धारीदार जाली वाला कुर्ता, पठानी कुर्ते भी बिक रहे हैं। वहीं, खरीददारी करतीं उस्मानपाड़ा की जेबा का कहना है कि ईद के आसपास बाजारोें में भीड़ बहुत ज्यादा होती है, इसलिए अभी से वे खरीददारी में जुट गए हैं।
शब-ए-कद्र की इबादत हजारों रातों से बेहतर
रमजान महीने के दूसरे जुमे में जामा मस्जिद सहित तमाम मस्जिदों में तीसरे अशरे से शुरू हो रहीं शब-ए-कद्र के बारे में उलेमा ने बयान किया। कहा, शब-ए-कद्र की रात की गई इबादत हजारों रातों की इबादत से बेहतर होती है।
ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, बू अली शाह मस्जिद सहित कई मस्जिदों में नमाजियों को खिताब करते हुए उलेमा ने कहा कि तीसरे अशरे में पांच रातें 21, 23, 25, 27 व 29वीं शब को खास इबादत की होंगी। इन रातों में की गई इबादत हजारों रातों की इबादत से अफजल है।