पीपली की पंचायत में मांग, 1150 हो आलू का दाम
ब्यूरो, अमर उजाला, गोंडा (अलीगढ़)।
शुक्रवार को गोंडा क्षेत्र के गांव पीपली में किसानों की पंचायत हुई तो आलू का भाव 1150 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग उठी। किसानों ने कहा कि सरकार आलू का समर्थन मूल्य घोषित करने के साथ सीधे किसानों से खरीद करे।
इसी के साथ किसानों का सभी तरह का कर्ज माफ करने की भी आवाज बुलंद की गई। इन्हीं मांगों को लेकर 13 जून को ग्राम नगला बलराम में किसानों की महापंचायत बुलाई गई है।
पीपली की पंचायत में मंदसौर मध्यप्रदेश में आंदोलित किसानों पर गोली चलाए जाने और छह किसानों की मौत पर नाराजगी जताई गई। मध्यप्रदेश तथा महाराष्ट्र के किसान आंदोलन को समर्थन देते हुए किसानों की मांग पूरी करने की मांग की गई।
किसानों ने कहा कि चुनाव के समय किसानों का कर्ज माफ करने, फसल की लागत से 50 फीसदी अधिक मूल्य दिलाने का वादा भाजपा ने किया लेकिन प्रधानमंत्री बनते ही नरेंद्र मोदी अपना वादा भूल गए। उल्टे भाजपा सरकारें किसानों की हत्याएं करवा रही है।
किसानों ने शीतगृहों का किराया कम करने, आलू का दाम बढ़ाने, बिजली बिल माफ करने, गेहूं के दाम बढ़ाने की मांग की। कहा कि मुख्यमंत्री ने आलू का भाव 487 रुपया प्रति कुंतल निर्धारित किया। इसमें शीतगृह का किराया 250 रुपये देने के बाद किसान को लागत का 25 फीसदी भी लाभ नहीं मिलेगा। यह किसानों से अन्याय है।
13 जून की महापंचायत एवं आंदोलन के लिए 31 सदस्यीय समिति गठित की गई है। अध्यक्षता कुमरपाल सिंह, संचालन इदरीश मोहम्मद ने किया। सूरजपाल सिंह, राज सिंह, दलवीर सिंह, त्रिकाल सिंह, बीरी सिंह, उदयभान सिंह धूरी सिंह, नाहर सिंह, रनवीर सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख कुमरपाल सिंह, जगराम सिंह, ओंकार सिंह, मदन सिंह, बिजेंद्र सिंह, रन सिंह, सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे।