न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बंगाल की खाड़ी में बनी फैनी चक्रवात के कारण प्रदेश में दो एवं तीन मई को प्रदेश में हल्की से लेकर मध्यम वर्षा होने व तीव्र पूर्वी हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है। इसके कारण आद्रता में भी 80 से 90 फीसदी की वृद्घि की संभावना है। मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद डीएम ने जनपद में बुधवार को फिर अलर्ट जारी कर दिया है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि लगातार तीन दिनों से भीषण गर्मी से अकुलाए लोगों के लिए भले ही आंधी बारिश राहत की बात हो, लेकिन किसानों को इन परिस्थितियों के लिए विशेष रूप से सतर्क रहना होगा। उन्होंने डीओ लैटर जारी करते हुए किसानों एवं भंडार ग्रह संचालकों को सलाह दी कि नमी और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान को बचाने के लिए कटी फसल, खुले में रखे अनाज व खेतों में तैयार फसल को काटकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दें। ताकि आंधी बारिश से कोई नुकसान न हो।
उन्होंने इन दिनों चल रही गेहूं खरीद के मद्देनजर एडीएम वित्त एवं राजस्व एवं खरीद के नोडल अफसर उदय सिंह समेत अन्य एसडीएम को जन हित में यह चेतावनी प्रसारित कराने तथा क्रय केंद्रों और भंडार ग्रहों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के आदेश दिये हैं।