क्राइम न्यूज, अमर उजाला,अलीगढ़।
रेलवे जंक्शन का प्लेटफार्म नंबर -4 खूनी साबित होता जा रहा है। यहां तीन दिन में चौथी मौत की घटना सामने आई है। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे एक वृद्ध लाइन को पार करते समय किसी थ्रू रेलगाड़ी की चपेट में आ गया। इस बात की जानकारी अलीगढ़-बरेली पैसेंजर ट्रेन का इंजन जोड़ने आ रहे लोको पायलटों ने पटरी पर शव के टुकड़े देख अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी।
इसके बाद करीब 11:30 बजे जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। हालांकि उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बताया जा रहा है वह स्टेशन के आसपास ही भीख मांगने का काम करता था। जीआरपी ने शव को अज्ञात में दर्ज कर मोर्चरी में रखवा दिया है। इससे पूर्व गुरुवार को प्लेटफार्म-4 पर ट्रेन की चपेट में आने से दो और बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।