न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सर्दियों में कोहरे के दौरान शुरू हुआ ट्रेनों के रद्दीकरण का सिलसिला गर्मियां आने के बाद भी टूट नहीं रहा है। हर रोज किसी न किसी वजह के कारण एक्सप्रेस गाड़ियों को रद्द किया जा रहा है।
इसके कारण अलीगढ़ से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को आम्रपाली एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस को रद्द किए जाने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इन गाड़ियों से आसपास के जनपदों तक यात्रा करने वाले यात्रियों ने तो बसों का सहारा ले लिया। मगर, लंबी दूरी के यात्रियों को दूसरी ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था 15 अप्रैल तक लागू रहेगी। इसके बाद ट्रेनों के संचालन के पटरी पर लौटने की संभावना है।