न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को लुईजा सोल्स गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल में शारदा- हर दिन स्कूल आएं कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें लखनऊ से आए राज्य परियोजना कार्यालय सर्व शिक्षा अभियान के वरिष्ठ विशेषज्ञ सरदार गुरविंदर सिंह, कंसल्टेंट रंजीत सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एनपीआरसी, कंप्यूटर आपरेटर को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सीडीओ दिनेश चंद्र व बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय मौजूद रहे।
यहां लखनऊ से आए अधिकारियों ने सभी को प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण न करने वाले बच्चों को ढूंढना और नामांकन करने के संबंध में चलायी जा रही योजना शारदा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 06-14 आयु वर्ग के ऐसे बच्चे। जिन्हें किसी विद्यालय में नामांकित नहीं किया गया है अथवा नामांकन के बाद उनकी प्रारंभिक शिक्षा पूरी नहीं हुई है।
उनका चिह्नीकरण कर उनका नामांकन आयुसंगत कक्षा में कराया जाए। ऐसे बच्चों का पंजीकरण 30 मार्च तक कर लिया जाए और एक अप्रैल से 20 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाए। दूसरे चरण में 21 मई से 30 जून तक पंजीकरण होना है। इनका प्रवेश एक जुलाई से 20 जुलाई तक कराना है। यहां दिनेश चंद्र ने कहा कि हर व्यक्ति को अपना अच्छा और बुरा शिक्षक याद रहता है। इसलिए आप अच्छा बनने का प्रयास करें।
पढ़ाते समय सोशल मीडिया से दूर रहें। बीएसए ने कहा कि हम सभी को अपना व्यवहार अच्छा करना है। इसके साथ ही कहा कि हर हाल में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। इस मौके पर प्रवीण कुमार शर्मा, सत्येंद्र दीक्षित, बीईओ आलोक श्रीवास्तव, हेमलता सिंह, सुशील कुमार आदि मौजूद थे।