न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
वॉइस रिकार्डर व सीसीटीवी कैमरे की जांच के लिए डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने 23 टीमें गठित कर दी हैं। यह टीमें अब यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बने 179 परीक्षा केंद्रों पर जाएंगी। वहां जाकर प्रत्येक कक्ष में दो सीसीटीवी कैमरे, वाइस रिकार्डर का सत्यापन करेंगी। अगर टीम को यह कैमरे व वॉइस रिकार्डर नहीं मिलते हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
इस संबंध में डीआईओएस ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश द्वार सहित प्रत्येक कक्ष में दो सीसीटीवी कैमरे, वाइस रिकार्डर स्थापित कराये जाने हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी सीसीटीवी कैमरों, वाइस रिकार्डर में ही परीक्षा देंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार से परीक्षा को संपन्न नहीं कराया जाना है।
इसके साथ ही परीक्षा नकल विहीन हो, यह कदम इसी सख्ती का नतीजा है। शासन के अनुसार ही नकल विहीन परीक्षा जिले में करायी जाएगी। इसलिए सीसीटीवी कैमरों, वाइस रिकार्डर की प्रमाणिकता के लिए 23 टीमों का गठन किया गया है। अगर संबंधित केंद्र पर सीसीटीवी या वाइस रिकार्डर नहीं मिले तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।