क्राइम न्यूज, अमर उजाला, हाथरस।
अलीगढ़ आगरा एनएच पर चंदपा थाना क्षेत्र के त्यागी होटल के पास ट्रैैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।
इनमें से 15 को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। यह सभी लोग वैवाहिक कार्यक्रम के सिलसिले में अलीगढ़ जिले के एक गांव जा रहे थे।
थाना हाथरस जंक्शन के गांव सुजान निवासी नवी हसन और अली हसन की अलीगढ़ के गभाना क्षेत्र स्थित राइट निवासी भांजी की मंगलवार को शादी थी। उसी का भात भरने के लिए नवी और अली के साथ परिवार के लोग गांव राइट जा रहे थे।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में 50-60 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे। आगरा-अलीगढ़ एनएच के बाईपास पर थाना चंदपा क्षेत्र स्थित त्यागी होटल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना के बाद एसपी जयप्रकाश मौके पर पहुंच गए।
यहां से सभी घायलों को एंबुलेंस और प्राइवेट वाहनों से जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में गुड्डो (40) पत्नी राजन सिंह, अशरफी (50) पत्नी शौकत अली और किरन (15) पुत्री जान मोहम्मद की मौत हो गई। यहां से 15 महिलाओं और बच्चों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।