न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत हाल ही में छप कर आए अंत्योदय कार्डों का वितरण शुक्रवार से आरंभ हो गया। जन सुनवाई के दौरान डीएम ने 16 पात्र लाभार्थियों को अंत्योदय कार्ड प्रदान किए।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तय किया गया है कि शहरी क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं को जन सुनवाई के दौरान डीलर के हिसाब से प्रतिदिन कार्ड बांटे जाएंगे। जबकि देहाती क्षेत्र में अंत्योदय कार्डों का वितरण तहसील स्तर से होगा।
जिले में कुल 24596 अंत्योदय कार्ड धारक हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत शासनस्तर से इन सभी के नए राशन कार्ड आ गए हैं। अब इनका वितरण शुक्रवार से आरंभ हो गया।
शहरी क्षेत्र की डीलर प्रभा गुप्ता की दुकान के क्षेत्र में आने वाले 16 अंत्योदय उपभोक्ताओं को डीएम चंद्रभूषण सिंह ने कार्ड बांटे। बताते चलें कि शहरी क्षेत्र में कुल 423 अंत्योदय उपभोक्ता हैं। डीएसओ नीरज सिंह ने बताया कि इन सभी को दलालों के चंगुल से बचाने के लिए रोजाना जनसुनवाई के दौरान अंत्योदय कार्ड बांटे जाएंगे।
देहात में तहसील स्तर से वितरण होगा। उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्ड के अंतर्गत लाभार्थी को 35 किलो राशन मिलेगा, जिसमें दो रुपये प्रति किलो की दर से 20 किलो गेहूं तथा तीन रुपये प्रति किलो की दर से 15 किलो चावल दिया जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।