न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नियम विरुद्ध तरीके से मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर में बनाए गए पराग डेयरी के काउंटर पर चाय बनती और बिकती देखकर सीएमओ डॉ. मदन लाल अग्रवाल भड़क गए। उन्होंने तत्काल वहां से चाय का सेटअप हटाने के निर्देश दिए। नियमानुसार अस्पताल परिसर में बने पराग डेयरी काउंटर पर सिर्फ दही, दूध, मट्ठा व अन्य डेयरी प्रोडक्ट ही बिक सकते हैं।
कुछ दिनों पहले मरीजों को गुणवत्ता परक दूध, दही, मट्ठा आदि उपलब्ध कराने के मकसद से मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर में पराग डेयरी का काउंटर बनाया गया था। शर्तों के मुताबिक यहां पर चाय नहीं परोसी जा सकती है।
सोमवार को विधायक संजीव राजा मलखान सिंह अस्पताल में मानसिक परामर्श कक्ष का उद्घाटन करने गए थे। उस समय सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल भी उनके साथ थे। जब विधायक और सीएमओ ओपीडी से सभागार की ओर जा रहे थे तो रास्ते में पड़े पराग डेयरी के काउंटर पर चाय बनती देख भड़क गए।
चाय के यूज किए गए कप भी इधर उधर बिखरे थे। उन्होंने तुरंत ही चाय के सेट अप को हटाने के लिए कहा। पराग डेयरी का काउंटर जिला महिला अस्पताल में भी खुलना है। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. गीता प्रधान कहती हैं कि उनके यहां काउंटर खुलना है लेकिन जो भी आता है वह गुपचुप तरीके से चाय बेचना चाहता है। लेकिन वह ऐसा नहीं होने देंगी।