न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा के अंग्रेजी द्वितीय प्रश्न पत्र में पूछे गए एक सवाल पर बेसिक शिक्षकों में रोष है। इन शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षा परिषद पर आवश्यक कार्रवाई की मांग है। इन अध्यापकों ने बीएसए ऑफिस पर बीईओ (मुख्यालय) को इस संबंध में ज्ञापन दिया।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रशांत शर्मा व अन्य पदाधिकारियों की अगुवाई में शनिवार को शिक्षक बीएसए कार्यालय पर एकत्रित हुए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के अंग्रेजी के द्वितीय प्रश्न पत्र के पेपर में एक सवाल था ' प्राथमिक स्कूल के शिक्षक की अपने कर्तव्य के प्रति कामचोरी (निकम्मेपन) का शिकायती पत्र डीएम के नाम लिखें'। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह प्राइमरी अध्यापकों की इज्जत का सवाल है।
इस तरह के सवाल पूछकर बच्चों के मन में यह धारणा पैदा की जा रही है कि प्राइमरी शिक्षक कामचोेर व निकम्मे होते हैं। उन्होंने यूपी माध्यमिक शिक्षक बोर्ड पर इस मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इसे लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बेसिक शिक्षा मंत्री को प्रेषित ज्ञापन बीईओ (मुख्यालय) जाकिर हुसैन को दिया गया।
ज्ञापन देने वालोें में जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ, जिला महामंत्री इंद्रजीत सिंह आदि शामिल थे। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा व जिला संयुक्त मंत्री मुकेश कुमार सिंह ने भी इस पर बोर्ड के संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।