न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कथित रूप से आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुए शोध छात्र मन्नान बशीर वानी को लेकर छात्र राजनीति गरमाने की आशंका है।
रविवार को छात्रों ने यूनियन हॉल में जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन कर जांच एजेंसियों द्वारा 15 दिन में मन्नान वानी का पता नहीं लगा पाने पर आक्रोश व्यक्त किया। छात्रों ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित जम्मू-कश्मीर के आईजी आदि को भी इस मामले में पत्र लिखा है।
एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी का कहना है कि एएमयू छात्र मन्नान वानी को लापता मान रहे हैं। फेसबुक फोटो एवं मीडिया रिपोर्ट पर किसी को आतंकी नहीं मान सकते।
मन्नान वानी को लापता हुए 15 दिन गुजर गए, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं लगाया जा सका। यह दुखद है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होेंने कहा कि हमलोग जांच में पूरा सहयोग दे रहे है। लेकिन अभी तक पता न लगना दुखद है। हमलोग चाहते है कि इस मामले की असलियत जल्द से जल्द सामने आए। यदि मन्नान वानी सचमुच में आतंकी संगठन में शामिल हुआ है तो यह सरकार की कश्मीर नीति की विफलता है।