गौरक्षा को लड़ने वाले राकेश कुमार ने
महापौर चुनाव से पैर वापस खींचे
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
स्वामी राम तीर्थ मिशन गौरक्षा कमेटी के अध्यक्ष राकेश कुमार ने महापौर के भाजपा प्रत्याशी राजीव अग्रवाल और उनके समर्थकों के समझाने के बाद अपना पर्चा वापिस ले लिया। इस संबंध में सोमवार को हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि राजीव अग्रवाल के समर्थकों ने उन्हें लिखित में आश्वासन दिया है कि जीतने के बाद एक साल के अंदर गौशाला तथा दूसरे साल में पशु चिकित्सालय बनवाएंगे। यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो आश्वासन देने वाले 12 लोग उन्हें 18 लाख 12 हजार रुपये गौरक्षा के लिए देंगे।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा से उनका मोहभंग हो रहा था। क्योंकि निर्वतमान मेयर शकुंतला भारती ने ऐसा कोई काम नहीं किया जो भाजपाई उनका गुणगान कर रहे हैं। उन्हें लगा कि कोई भी महापौर बनने वाला व्यक्ति शहर एवं समाज के लिए काम नहीं कर सकता तो उन्होंने स्वयं महापौर के लिए अपना पर्चा दाखिल कर दिया, लेकिन 10 नवंबर को भाजपा प्रत्याशी राजीव अग्रवाल, भाजपा नेता, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कुछ लोग उनके यहां आए और पर्चा वापसी के लिए कहा।
उन्होंने अपनी बात रखी तो उन्होंने मौखिक आश्वासन दिया। जब उन्होंने राजीव अग्रवाल के पक्ष में आई भाजपा नेता पूनम बजाज से इसकी लिखित गारंटी मांगी तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया, लेकिन भाजपा नेता मानव महाजन, आलोक वात्सल्य, सौरभ सिक्ससंस, मुकुल मित्तल, विनोद गर्ग, राजीव कुमार, उमेश कुमार, विपिन कपूर, सत्यप्रकाश मित्तल, रोहित अग्रवाल, प्रेमप्रकाश मित्तल और अजय वार्ष्णेय ने 10 रुपये के स्टांप पर गारंटी दी तो उन्होंने अपना पर्चा वापिस कर लिया। प्रेसवार्ता में राकेश कुमार रामसन, तरुण गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद थे।