खराब रोशनी के चलते ट्रैप शूटिंग के 18 राउंड ही हो सके
ब्यूरो, अमर उजाला, जवां (अलीगढ़)।
अलीगढ़ के इतिहास में पहली बार पांच से दस सितंबर तक हो रही यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में छेरत स्थित शूटिंग रेंज पर 40वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप के पहले दिन ट्रैप शूटिंग स्पर्धा में मात्र 18 राउंड ही हो सके। खराब रोशनी के कारण शेष चार राउंड नहीं हो सके। बुधवार को संपन्न हुए 18 राउंडों में प्रदेशभर के 108 निशानेबाजों ने निशाना साधा। इसे देखने के लिए रेंज पर दर्शकों की भारी भीड़ जमा रही।
बुधवार को चैंपियनशिप के पहले दिन ट्रैप शूटिंग स्पर्धाएं हुई। आयोजकों ने बुधवार को 22 राउंड कराना सुनिश्चित किया था। हर राउंड में छह निशानेबाजों को हिस्सा लेना था। अधिकतम 50 प्वाइंट्स के हिसाब से तय कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन 25 प्वाइंटों के लिए निशानेबाजों में मुकाबला था।
दूसरे दिन 25 प्वाइंट के लिए खिलाड़ियों में होड़ तय हुई थी। लेकिन पहले दिन खराब रोशनी खिलाड़ियों की राह में रोड़ा बन गई। मात्र 18 राउंड ही हो सके। इस दौरान खिलाड़ियों के सटीक निशाने देखकर वहां मौजूद दर्शक गद्गद हो गए। शूटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं आयोजक खालिद ने बताया कि शेष चार राउंड गुरुवार को खेेले जाएंगे। इसके बाद फाइनल होगा।
उन्होंने बताया कि आठ सितंबर से डबल ट्रैप मुकाबले शुरू होंगे। नौ एवं दस सितंबर को अंतिम दिन स्कीट स्पर्धा के मुकाबले होंगे। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए जाएंगे।