चालीस घंटे से पूछताछ किंतु खुलासा कुछ नहीं
ब्यूरो, अमर उजाला, गंगीरी (अलीगढ़)।
खिरीरी मस्तीपुर गांव के निवासी रामप्रकाश की हत्या में नामजद दो भाइयों को पुलिस दूसरे दिन भी थाने पर रोके रही। 40 घंटे बाद भी पुलिस का एक ही जुमला है... दोनों से पूछताछ की जा रही है। कुछ अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
क्या पूछताछ की जा रही है और क्या पता चला है इतनी पूछताछ में यह कुछ बताने को थाना पुलिस तैयार नहीं है। दो दिन की पूछताछ के बावजूद कत्ल के नामजद तीसरे आरोपी को भी पुलिस पकड़ नहीं पाई है। चर्चा यह भी है कि पुलिस कत्ल के इस मामले में यह भी तलाश रही है कि कहीं धमकी की आड़ में किसी अन्य ने तो कत्ल नहीं किया।
बताते चलें कि रविवार रात नलकूप में सोते समय रामप्रकाश पुत्र जाहरी सिंह की सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में छोटे, भोजराज और रूप सिंह पुत्रगण कप्तान सिंह को नामजद किया गया है।
छोटे से रामप्रकाश का झगड़ा हुआ था। उसने दो दिन के अंदर निपटाने की धमकी दी थी। पुलिस ने दो आरोपी भाइयों को हिरासत में रखा है। नामजद होने के बावजूद उन्हें जेल नहीं भेजा गया। इसका कारण पुलिस पूछताछ बता रही है। क्या, क्यों और किसलिए पूछताछ की जा रही है, इस पर पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है।
एसओ अजय सिंह चाहर सिर्फ इतना बताते हैं कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रामप्रकाश की हत्या रात के 12 बजे की गई है। उधर मंगलवार को रामप्रकाश के शव का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें भाजपा के जिला महामंत्री भरत राजपूत, राजकुमार यादव उर्फ राजू भैया, ग्राम प्रधान आदि शामिल हुए।