मथुरा रोड पर होगा नगर निगम का नया इंसीनेटर
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
शहर में बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण के लिए नया इंसीनेटर लगाने की कवायद शुरू हो गई है। नगर निगम प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने स्थल चयन के लिए शुक्रवार को निरीक्षण किया।
शुक्रवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम के क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने शहर के बायोमेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराये जाने के लिए नगर निगम का इंसीनेटर लगाये जाने के लिए भूमि की तलाश की।
टीम ने मथुरा बाईपास के पास एटूजेड प्लांट के नजदीक ही पुराने लगे इंसीनेटर के पास जमीन को देखा। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम की पूरी कोशिश है कि अलीगढ़ के सभी नर्सिग होम्स प्रतिदिन निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट को इंसीनेटर से वैज्ञानिक तरीके व गाइड लाइन के अनुसार निस्तारित करें।
इसके लिए नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संयुक्त रूप से संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस स्थान पर इंसीनेटर के लिए अनुमति मांगने की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दे दिये गए हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय अधिकारी राम गोपाल, सहायक अभियंता बीडी शर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार, कर अधीक्षक सभापति साथ थे।