न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
जिले के कई परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक चार्ज ग्रहण नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में एक विद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक ने डीआईओएस से शिकायत की है। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने सभी परीक्षा केंद्रों से चार्ज ग्रहण न करने वाले कक्ष निरीक्षकों का डाटा मंगाया है।
बता दें कि सात फरवरी से यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हो चुकी हैं। हालांकि सात व आठ तारीख को बड़ी परीक्षाएं नहीं थी। लेकिन मंगलवार से बड़ी परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं। उससे पहले डीआईओएस से कई परीक्षा केंद्र के व्यवस्थापक ने शिकायत की है कि उनके यहां के कक्ष निरीक्षकों ने अभी तक चार्ज ग्रहण नहीं किया है।
शाहजहांबाद स्थित श्री वासुदेव सिंह जनहितकारी इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक ने शिकायत की है उनके यहां के 12 कक्ष निरीक्षकों ने अभी तक ज्वाइन नहीं किया है। इस संबंध में डीआईओस ने बताया कि इस प्रकार की सूचना मिल रही हैं।
अधिकांश जगह बेसिक के शिक्षकों के रिलीव न किए जाने का मामला भी संज्ञान में आया है। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय से वार्ता हो गई हैं। सोमवार तक हर हाल में सभी कक्ष निरीक्षक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अपनी ड्यूटी को ज्वाइन कर लेंगेे।