न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
भाजपा का क्षेत्रीय (ब्रज क्षेत्र) बूथ अध्यक्ष सम्मेलन कल यानी बुधवार को तालानगरी सेंट फिदेलिस स्कूल के समीप स्थित मैदान पर आयोजित होने जा रहा है। इसमें 12 सरकारी जिले (संगठनात्मक दृष्टि से 17) के करीब 40 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अतिरिक्त करीब 8 केंद्रीय एवं प्रांत के मंत्री के अतिरिक्त 11 सांसद एवं करीब 65 विधायकों के शामिल होने की उम्मीद है।
बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारी युद्धस्तर पर जारी है। सोमवार को सुबह क्षेत्रीय संगठनमंत्री भवानी सिंह, सांसद सतीश गौतम, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, गोपाल सिंह, बीएस पॉल, लखपत सिंह, रीता राजपूत, गौरव शर्मा, देवराज सिंह, पवन खंडेलवाल, रुकमुद्दीन गुड्डू आदि की मौजूदगी में कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया गया। मंच एवं पंडाल आदि बनने का कार्य चल रहा है। अलग-अलग प्रकोष्ठ को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई बैठक आयोजित कर तैयारियों का जायजा लिया गया। कई दौर की बैठक में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यहां की तैयारियों पर केंद्रीय एवं प्रदेश कार्यालय की भी नजर है। वहां से पार्टी के नेता व्यवस्थाओं के बारे में पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, लक्ष्मीनारायण चौधरी, रामशंकर कठेरिया, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, धर्मपाल सिंह लोधी, संदीप सिंह, सुरेश खन्ना आदि के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि सभी मंत्री बूथ प्रभारी की हैसियत से कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। भाजपा में सभी नेताओं को किसी न किसी बूथ का प्रभारी बनाया जाता है। इसके अतिरिक्त ब्रज क्षेत्र के 10 भाजपा सांसद और 65 विधायक के अतिरिक्त राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव एवं ठाकुर जयवीर सिंह सहित सात एमएलसी भी शामिल होेंगे।
वीआईपी के पहुंचने को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं पार्किंग सहित अन्य तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी डॉ. निशित शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो गए हैं। केंद्र एवं प्रांत स्तर के पदाधिकारियों के आने का सिलसिला मंगलवार से शुरू हो जाएगा।