न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
एएमयू के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट आफिस द्वारा टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज़ नोएडा के सहयोग से भौतिकी विज्ञान विभाग में टीसीएस इगनाइट पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार में टीसीएस इगनाइट कार्यक्रम के लखनऊ क्षेत्र के प्रमुख मो. अनस खान, बिजनेस डेवलपमेंट सौरव गौड़ तथा विज्ञान संकाय के कोर्ट सदस्य मो. खालिद ने विषय से संबंधित अनेक बिंदुओं पर प्रकाश डाला। सौरव गौड़ ने बताया कि टीसीएस ओपन इगनाइट प्रोग्राम विभिन्न कंप्यूटर पाठ्यक्रमों और प्रोग्रामिंग भाषा के द्वारा विश्व के किसी भी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हासिल करने में मददगार साबित होता है।
उन्होंने एडवांस जावा के द्वारा वेब एप्लीकेशंस की तैयारी पर विस्तार से प्रकाश डाला और रजिस्ट्रेशन, मोक टेस्ट तथा परीक्षा की तिथियों के बारे में भी अवगत कराया। ट्रेनिंग प्लेसमेंट आफिसर साद हमीद ने कहा कि टीसीएस इगनाइट प्रोग्राम युवा विज्ञान स्नातकों के लिए एक शिक्षण कार्यक्रम है जो आईटी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करता है। उन्होंने उच्च और व्यवसायिक शिक्षा हासिल करने पर बल दिया। प्रोग्राम कोआर्डिनेटर मो. उजैर रिजवान मो. खालिद ने सभी का आभार जताया।