डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ से आगरा जाने वाली बसें हाथरस बस स्टैंड के स्थान पर सीधे बाईपास से निकाली जा रही हैं। जिस कारण यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार तो यात्री और रोडवेज के स्टॉफ के बीच नौबत मारपीट की आ जाती है। इसको ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक ने अलीगढ़, बुद्ध विहार, नरौरा एवं अतरौली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को बस अड्डे तक बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। साथ ही बस पर मौजूद स्टॉफ अधिकारियों को गुमराह न करें इसके लिए हाथरस पूछताछ केंद्र की मोहर परिचालक की ड्यूटी स्लिप पर लगवाने के आदेश दिए है।
हाथरस में बनने वाली पुल के कारण कुछ बस चालक हाथरस बस स्टैंड की सवारियों को बाईपास पर उतारकर सीधे आगरा के लिए चले जाते हैं। इसके कारण यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार तो बस को हाथरस अड्डे तक ले जाने के लिए यात्री और बस के परिचालक तथा चालक के बीच नौबत मारपीट तक हो चुकी है। क्षेत्रीय प्रबंधक जेएड नोमानी को इसकी शिकायत मिली। उन्होंने शिकायत का संज्ञान लेकर रीजन की सभी बसों (अलीगढ़-आगरा) को हाथरस बस स्टैंड के अंदर तक पहुंचाने के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक ने जारी किए पत्र में स्पष्ट किया है कि आगरा-अलीगढ़ रोड पर चलने वाली प्रत्येक बस हाथरस अड्डे होकर आएगी। बस हाथरस होकर आई या नहीं इसकी पुष्टि चालक-परिचालक की ड्यूटी स्लिप पर हाथरस बस अड्डे की पूछताछ केंद्र की मोहर करेगी। इसके साथ ही एक सप्ताह के अंदर अलीगढ़-आगरा रोड पर चलने वाली अन्य रीजन की बसें भी हाथरस बस अड्डे पर सवारियां को उतारने के बाद ही आगे के लिए रवाना होगी।
लोगों की परेशानी को देखते हुए चारों डिपो के एआरएम को हाथरस बस अड्डे तक बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। जल्द ही यह व्यवस्था आगरा-अलीगढ़ रोड पर चलने वाली अन्य रीजन की बसों के लिए लागू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि अलीगढ़-आगरा रोड पर चलने वाली बसें इगलास कट से हाथरस को अंदर प्रवेश करेगी। अभी किराए में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। सर्वे के बाद इस विषय में सोचा जाएगा।
- जेड नोमानी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज