क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पॉलिथीन मुक्ति अभियान के दौरान महावीर गंज में एक दिव्यांग दुकानदार से अभद्र बर्ताव पर व्यापारी भड़क उठे। उन्होंने प्रशासनिक अफसरों पर मनमानी करने तथा बड़े व्यापारियों को संरक्षण देकर छोटे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हंगामा मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
घटना के विरोध में महावीर गंज के किराना एवं कपड़ा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ समेत अन्य भाजपा नेता भी मौके पर पर पहुंच गए। देर सायं एडीएम सिटी एवं एसपी सिटी ने दौरा कर व्यापारियों से बातचीत की।
पालीथिन के खिलाफ गुरुवार को अन्य क्षेत्रों के अलावा महावीर गंज में भी सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में प्रशासन व नगर निगम की संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों पर पॉलिथीन मिलने पर दुकानदारों के चालान काटे गए। महावीर गंज में टीम सत्य प्रकाश अरुन कुमार नाम की किराना की दुकान पर पहुंची और चेकिंग की।
उस समय दुकान पर दोनों पैरों से दिव्यांग अमित बैठे थे। चेकिंग में दुकान से पॉलिथीन बरामद होने पर अमित ने सफाई दी कि यह पॉलिथीन पुरानी है और अब वह पॉलिथीन में सामान नहीं देता। व्यापारियों का आरोप है कि उसकी दलील को न सुनते हुए उस पर पांच हजार रुपया जुर्माना लगा दिया गया। न देने पर अभद्र बर्ताव व आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर जबरन जुर्माना वसूल लिया गया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी एकत्र हो गए।
उन्होंने प्रशासनिक टीम पर बड़े निर्माता एवं व्यापारियों को संरक्षण देने व छोटे व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी व्यापारियों के समर्थन में घटनास्थल पर पहुंच गए।
व्यापारियों के तेवर देखकर टीम के सदस्य वहां से खिसक गए। इस बीच किसी ने शहर से बाहर गए शहर विधायक संजीव को सूचना दे दी। उन्होंने भी भाजपा नेताओं से संपर्क कर उन्हें मौके पर भेजा।
देर सायं एडीएम सिटी व एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से वार्ता की। सिटी मजिस्ट्रेट नलिनीकांत सिंह ने अभद्र बर्ताव की बात को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि दुकानदार के पास पॉलिथीन मिली थी तो उस पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
क्या बोले व्यापारी नेता
किराना व्यवसायी अमित के तीन साल पहले ट्रेन से दोनों पैर कट गए थे। ऐसे में वह चल नहीं सकता, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट ने अभियान के दौरान उसके साथ जिस तरह अभद्र बर्ताव किया, वह अशोभनीय है। अधिकारी अभी भी सपा व बसपा की मानसिकता से काम कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ, पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा
व्यापारियों को पॉलिथीन पर प्रतिबंध से ऐतराज नहीं है, लेकिन इसमें छोटे व बड़े व्यापारियों में भेदभाव न किया जाय। न ही किसी दुकानदार से अभद्र बर्ताव किया जाय।
- प्रदीप गंगा, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष
हम अतुल राजाजी समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर जांच करा रहे हैं। किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। सीसी टीवी फुटेज की जांच करा दी जाएगी। ऐसे अधिकारी जो शासन की मंशा के अनुरूप काम नहीं करेेंगे, उनके विरुद्घ उचित निर्णय लिया जाएगा।
- संजीव राजा, शहर विधायक
कानून की नजर में छोटा-बड़ा कुछ नहीं होता है। शासन स्तर से पालीथिन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में कानून से खिलवाड़ की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
- एसबी सिंह, एडीएम सिटी