न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आज का समारोह अत्यंत शानदार रहा। रक्षा विभाग एवं उनके सहयोगी संगठनों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में प्रदर्शित उपकरण अत्यंत आधुनिक तकनीक व उत्कृष्ट धातु विज्ञान से निर्मित है। अगर अलीगढ़ के उद्यमियों को इस अवसर से लाभ लेना है तो उन्हें तकनीक व धातु विज्ञान क्षेत्र में साझीदार तलाशने होंगे।
- सुनील दत्ता, महामंत्री तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन
योजना बहुत अच्छी है। धरातल पर कितना क्रियान्वित हो रही है, यह भविष्य पर निर्भर है। सुविधाएं मुहैया कराई जाती है तो न सिर्फ उद्यमियों बल्कि युवाओं को भी लाभ मिलेगा। यहां के उद्यमी प्रदेश एवं राष्ट्रहित में कार्य करने को कटिबद्ध है।
- दिनेश शास्त्री, महामंत्री, औद्योगिक आस्थान उत्पादन समिति
अलीगढ़ में इन्फ्रास्ट्रक्चर है। एडवांस मशीन और काम करने वाले लोग है। बात एक्सपोजर की है। सेना के लिए कुछ कंपोनेंट पहले से ही अलीगढ़ में उद्यमी बना रहे हैं। सीएमसी एवं वीएमसी मशीन यहां बहुत लोगों के पास है। हार्डवेयर में वैसे आइटम यूज होते है, जो रक्षा क्षेत्र को चाहिए।
- आलोक चतुर्वेदी, उद्यमी
डिफेंस कॉरीडोर से अलीगढ़ को नि:संदेह बहुत लाभ होगा। लेकिन शासन को सोचना है कि किन लोगों को प्राथमिकता देनी है। बहुत से लोग है जो रक्षा से संबंधित उत्पाद पहले से ही बना रहे हैं। लेकिन शासन स्तर से उन्हें कोई प्राथमिकता नहीं दी गई।
- तरुण सक्सेना, रक्षा उत्पाद बनाने वाले उद्यमी
रक्षा मंत्रालय से संबंधित कई कंपनियों द्वारा प्रदर्शनी लगने से उद्यमियों का विजन क्लियर हुआ है। प्रदर्शनी देखने के बाद उद्यमियों को अहसास हुआ कि वह क्या-क्या बना सकते हैं। डिफेंस कॉरीडोर कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली पक्ष प्रदर्शनी ही था।
- ललेश कुमार, रक्षा उत्पाद बनाने वाले उद्यमी
जिस तेजी से सरकारी योजनाएं आ रही है, उसका स्वागत है। हम जरूर कामयाब होंगे। डिफेंस कॉरीडोर परियोजना का फाइनल ड्रॉफ्ट अभी नहीं आया है। अब तक जो चीजे सामने आई है, उसमें बड़े उद्योग को ज्यादा तवज्जो दी गई है। सरकार को छोटे उद्योगों का भी ख्याल रखना चाहिए। समान पॉलिसी सबके लिए हो।
- मुकेश जैन, फेडरेशन ऑफ इनोवेटिव मैनुफ्रैक्चर्स
अलीगढ़ के उद्यमियों को अपेक्षित निवेश नहीं मिला। बाकी जो घोषणा हुई है, वह कानपुर, आगरा, नोएडा एवं गाजियाबाद के लिए हुई थी। अलीगढ़ में बहुत संभावनाएं है। सामूहिक मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। तभी मोदी का सपना साकार होगा।
- मनोज अग्रवाल, महामंत्री, लघु उद्योग भारती, ब्रज प्रांत