न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलविदा जुमे की नमाज एवं ईद के मद्देनजर कस्बा हरदुआगंज में गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान ईओ ने स्वयं नगर पंचायत के सभी 11 वार्डों का दौरा कर अपने सामने ही नाली एवं नाले साफ कराए। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों ने नाली एवं नालों से निकली सिल्ट एवं कूड़े को साथ की साथ उठाने के निर्देश दिये।
शुक्रवार आज होने वाली अलविदा जुमे की नमाज एवं आगामी 16 जून को आने वाली ईद के मद्देनजर समूचे जनपद की ग्राम पंचायत, नगर पंचायत एवं महानगर के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चल रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को हरदुआगंज नगर पंचायत में भी अभियान चलाकर नाले एवं नालियों की सफाई की गई। अधिशासी अधिकारी महिमा मिश्रा ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने गुरुवार सुबह से ही विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई की स्थिति देखी।
इसके बाद सफाई कर्मचारी लगाकर सभी नाले एवं नालियों की तली झाड़ सफाई करायी है। अलविदा जुमे की नमाज के मद्देनजर सफाई कर्मियों को विशेष रूप से मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सुबह से ही सफाई में जुटने को कहा गया है। विद्युत अफसरों को अबाध विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल के लिए जल निगम को व्यवस्था करने को कहा गया है।