एएमयू में सबसे बड़ा रोजगार मेला कल से
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ एवं एएमयू ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस के तत्वावधान में 22 एवं 23 अप्रैल को अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश की करीब 80 कंपनियां शामिल हो रही है। 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
यूनियन हॉल में एएमयू छात्र संघ के सचिव मो. फहद, टीपीओ जनरल साद हमीद, सीनियर कैबिनेट समरीन फरहा एवं जैद शेरवानी ने पत्रकारों को बताया कि पिछले वर्ष रोजगार मेला के माध्यम से 370 छात्र-छात्राओं का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ था। इस बार यह संख्या 500 तक पहुंचने की उम्मीद है।
छात्र नेताओं ने बताया कि दुबई व सेंट्रल अफ्रीका की कंपनी देश के बाहर के लिए छात्रों का चयन करेंगी। उन्होंने कहा कि अब तक 77 कंपनियों की सहमति मिल चुकी है और कुछ पाइप लाइन में हैं। अधिकतम 8 लाख सालाना पैकेज के लिए भी कंपनी आ रही हैं।
सचिव मो. फहद ने बताया कि छात्र संघ द्वारा रोजगार मेला के लिए अलग से वेबसाइट तैयार किया गया है। कार्यक्रम के बाद उसे टीपीओ को गिफ्ट कर देंगे। अब तक 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया है। रोजगार मेले के दौरान भी पंजीयन किया जाएगा।
आज कारपोरेट मीट
रोजगार मेले के पहले शनिवार को 10 बजे से एएमयू के कैनेडी हॉल में कारपोरेट मीट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 13 कंपनियों के एचआर शामिल हो रहे हैं। एएमयू के चार विभागों के सीनियर प्रोफेसर भी समूह चर्चा में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि कारपोरेट वर्ल्ड शैक्षणिक संस्थाओं से क्या उम्मीद रखती है और कैसा युवा चाहती है? इंडस्ट्री एवं इंस्टीट्यूट के बीच की रिक्तता को दूर करने पर भी विचार किया जाएगा।