न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जट्टारी (अलीगढ़)।
कस्बे में रविवार को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अलीगढ़ पलवल मार्ग पर पुलिस चौकी के निकट सड़क को पार कर रहे युवक को ट्रक चैसिस ने रौंद दिया। घटना के बाद नए चैसिस व चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
बताया जाता है कि सलमान पुत्र यामीन खां उम्र 18 वर्ष मोहल्ला तीन विसा रामलीला ग्राउंड/पुलिस चौकी के निकट सड़क को पार कर रहा था। तभी अलीगढ़ की तरफ से तेज गति से आ रहे नए ट्रक चैसिस ने युवक को सड़क पार करते वक्त रौंद दिया। ट्रक द्वारा रौंदने के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
यूपी 100 पर घटना की सूचना दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को थाने ले गई। इसके बाद घटना की सूचना पाकर युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे एवं आननफानन में सलमान को उपचार के लिए जेवर (जनपद गौतमबुद्धनगर) स्थित कैलाश अस्पताल ले गए। लेकिन जब तक सलमान को अस्पताल लेकर गए, तब तक सलमान ने दम तोड़ दिया। युवक के गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
परिजनों को आरोप था कि यदि पुलिस ट्रक चालक के स्थान पर सलामन को उपचार के लिए लेकर जाती तो शायद आज सलमान की जान बचाई जा सकती थी। गुस्साई भीड़ व युवक के परिजनों द्वारा अलीगढ़ पलवल मार्ग पर जाम लगा दिया गया। सड़क के दोनो तरफ वाहनों की लगभग 1-2 किमी तक लंबी-लंबी कतारें लग गईं। घटनास्थल पर देरी से पहुंचे एसडीएम खैर जोगिंदर सिहं, सीओ व चौ. मनवीर सिंह पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ने युवक के परिजनों को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। तब जाकर गुस्साए लोगों ने जाम को खोला। घटना के बाद लगभग 3-4 घंटे तक जाम लगा रहा। जिसके कारण आने-जाने वाले राहगीरों का आवागमन प्रतिबाधित रहा एवं काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बता दें कि सलमान छह भाई बहनों में सबसे बड़ा था एवं परिवार का जीवन यापन उसी के ऊपर निर्भर था। मृतक सलमान के पिता भी एक हाथ से अपाहिज है। वह जैसे तैसे मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का जीवन यापन कर रहे थे। इसके अलावा सलमान का परिवार किराए के मकान में रहकर अपना जीवन यापन कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए लोगों ने परिवार के लिए आर्थिक मदद दिलाने के लिए शासन प्रशासन से गुहार लगाई है।